वाराणसी में निकली ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली’ 

वाराणसी में निकली ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली’ 

मंत्री दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ व पद्म विभूषण राजन मिश्रा हुए शामिल

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता)  । काशी की गलियों में रविवार सुबह साइकिलों की झंकार और उत्साह का माहौल देखते ही बन रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत आयोजित ‘संडे ऑन साइकिल’ कार्यक्रम में हजारों नागरिकों, छात्रों, पुलिसकर्मियों और खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। यह रैली शहर की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के साथ-साथ 2030 में भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स के प्रचार-प्रसार के लिए भी आयोजित की गई थी।

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’ ने हरी झंडी दिखाकर किया। उनके साथ पद्म विभूषण से सम्मानित शास्त्रीय गायक पंडित राजन मिश्रा, प्रसिद्ध तबला वादक संजू सहाय, कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट मुक्केबाज अमित पंघाल और सिल्वर मेडलिस्ट पहलवान पूजा सिहाग ने भी साइकिलिंग कर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।

मंत्री दयाशंकर मिश्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री जी की फिट इंडिया पहल के कारण आज पूरा देश साइकिल की सीट पर है। खेलों को मिल रहे प्रोत्साहन से आज भारत अंतरराष्ट्रीय पटल पर लगातार स्वर्णिम सफलता हासिल कर रहा है। यह भारत के खेलों का स्वर्णिम काल है।”

पद्म विभूषण पंडित राजन मिश्रा ने कहा, “70 साल की उम्र में भी दिन-रात देशसेवा करने वाले प्रधानमंत्री जी स्वयं योग और प्राणायाम करते हैं। अगर हर व्यक्ति रोज 10 किलोमीटर साइकिल चलाए तो हमेशा फिट रहेगा। 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले पूरे देश को फिट होना होगा।”

संकट मोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्रा ने कहा, “लोग आलसी होते जा रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम निरंतर होते रहने चाहिए ताकि जन-जन तक फिटनेस का संदेश पहुंचे।”

इसे भी पढ़े   मालगाड़ी की चपेट में आने से वृद्ध की मौत

कॉमनवेल्थ सिल्वर मेडलिस्ट पूजा सिहाग ने कहा, “अपने घर में इतना बड़ा आयोजन होना हर खिलाड़ी का सपना होता है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूं।”

रैली में डांस, योग सेशन और फिटनेस जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। अस्सी घाट से शुरू होकर गंगा तट और कैंट क्षेत्र से होती हुई रैली वापस अस्सी पर सम्पन्न हुई।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *