गोदाम का ताला तोड़कर चोरी करने वाला गिरफ्तार
रामनगर पुलिस ने चोरी के चश्मे, 22 सीसीटीवी कैमरे, राउटर, पंखा, केबल और सरिया किया बरामद
वाराणसी (जनवार्ता)। रामनगर थाना पुलिस ने गोदाम का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिव विहार कॉलोनी, भीटी निवासी 27 वर्षीय अन्नू राजभर पुत्र राजेश राजभर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को वादिनी ने रामनगर थाने में तहरीर देकर बताया था कि शिव विहार कॉलोनी स्थित उनके चश्मे के गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर चश्मे, फ्रेम, सीसीटीवी कैमरे और अन्य सामान चोरी कर ले गया। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी क्रम में गुरुवार को चेकिंग और तलाश के दौरान रामनगर पुलिस ने शिव विहार कॉलोनी से अन्नू राजभर को रात करीब 3:15 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके पास से 9 चश्मे, छह गत्ते और एक बोरी में चश्मे/फ्रेम, 22 सीसीटीवी कैमरे, दो वाईफाई राउटर, दो बंडल केबल/तार, एक पंखा, 21 लोहे के सरिया के टुकड़े और एक चश्मे का स्टैंड बरामद हुआ।
पीछे के रास्ते से निकालता था सामान
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शिव विहार कॉलोनी का रहने वाला है और उसी कॉलोनी में स्थित गोदाम काफी समय से बंद था। उसके अनुसार, मौका देखकर वह पीछे के रास्ते से धीरे-धीरे सामान निकालकर बेचता था। पुलिस के मुताबिक कुछ सामान उसके पास बचा हुआ था, जिसे ले जाते समय उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अमित कुमार त्रिपाठी, अमित कुमार शर्मा, नितेश शर्मा तथा पुलिसकर्मी पवन कुमार, सचिन चतुर्वेदी, शक्तिरमण पाल और विनय कुमार सिंह शामिल रहे।

