बंद मकान में सेंध लगाकर लाखों की चोरी
मुंबई से लौटी गृहस्वामिनी के उड़े होश
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खालिसपुर गांव (नहरपर) में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने करीब तीन लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे और कमरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन, कीमती कपड़े समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। बुधवार दोपहर मुंबई से गांव पहुंचीं गृहस्वामिनी सुबदेई देवी ने मकान खोला तो कमरों के टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर हैरान रह गईं। उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, खालिसपुर नहरपर निवासी सुबदेई देवी अपने बेटों के साथ मुंबई के गोरेगांव में रहती हैं। गांव में उनका आठ कमरों का मकान है, जो परिवार के वहां नहीं रहने के कारण बंद रहता था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। चोर पीछे की तरफ से दीवार में सेंध लगाकर मकान में दाखिल हुए और कमरों में रखे सामान को खंगाल डाला।
गृहस्वामिनी के मुताबिक, चोरों ने अलमारी तोड़कर उसमें रखी सोने-चांदी की करधनी, सोने की चेन और कान के झुमके चोरी कर लिए। इसके अलावा घरेलू बर्तन और कई बक्सों में रखे कीमती कपड़े भी गायब मिले। मकान के कमरों में सामान बिखरा पड़ा था और बीच के गलियारे में बिस्तर भी लगा मिला, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने वारदात के दौरान वहां कुछ समय बिताया।
बुधवार को मुंबई से गांव लौटने पर सुबदेई देवी को चोरी की जानकारी हुई। घटना के बाद से गांव में चोरी को लेकर चर्चा है। गृहस्वामिनी ने मिर्जामुराद पुलिस को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।

