वाराणसी : एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं
डीएम ने गोदामों का किया औचक निरीक्षण
वाराणसी (जनवार्ता) । जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की उपलब्धता को लेकर उठ रही आशंकाओं और अफवाहों के बीच जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सक्रिय कदम उठाते हुए टकटकपुर स्थित इंडियन ऑयल और भारत पेट्रोलियम के एलपीजी सिलेंडर गोदामों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट किया कि वाराणसी जिले में एलपीजी गैस की समुचित उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने गोदाम संचालकों, अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए कि गैस सिलेंडरों का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ, नियमानुसार और उपभोक्ताओं के लिए सुगम तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
डीएम सत्येंद्र कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा, “किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, स्टॉक होल्डिंग या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी स्थिति में कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।” उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी गैस गोदामों पर पैनी नजर रखी जाए ताकि आम उपभोक्ताओं को समय पर और बिना किसी परेशानी के सिलेंडर उपलब्ध हो सकें।
यह निरीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब कुछ इलाकों में गैस की आपूर्ति को लेकर अफवाहें फैली हुई थीं, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और तेल विपणन कंपनियां सुचारु रूप से काम कर रही हैं। डीएम ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से गैस जमा न करें और पैनिक न फैलाएं।
प्रशासन का यह कदम उपभोक्ताओं के बीच विश्वास बनाए रखने और बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

