व्यापारी समाज इस बार सपा और अखिलेश यादव के साथ : वीरेंद्र सिंह
पीडीए व्यापारी जिला सम्मेलन में भाजपा सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल, 2027 में सपा सरकार बनाने का संकल्प
वाराणसी (जनवार्ता)। समाजवादी व्यापार सभा की ओर से शुक्रवार को पैगंबरपुर पंचक्रोशी मार्ग स्थित श्रीराम पीजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड एजुकेशन के परिसर में पीडीए व्यापारी जिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में व्यापारी, वैश्य और बनिया समाज के करीब 500 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने छोटे और मध्यम व्यापारियों की समस्याओं, ऑनलाइन बाजार के बढ़ते प्रभाव तथा व्यापार संबंधी नीतियों पर चर्चा की। इस दौरान आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प भी लिया गया।

सम्मेलन में मुख्य अतिथि चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों से बड़े कॉरपोरेट घरानों को बढ़ावा मिल रहा है, जबकि छोटे दुकानदारों के सामने चुनौतियां बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज इस बार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ है। व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लोकसभा में उठाते रहेंगे।
वाराणसी स्नातक खंड के एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने विधानसभा और विधान परिषद में व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को उठाया है और आगे भी व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए आवाज बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने भाजपा सरकार की व्यापार नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि छोटे दुकानदारों से लेकर लघु एवं मध्यम व्यापारियों तक को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने खुदरा दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी संचालकों, गुमटी, ठेला और खोमचा लगाने वाले कारोबारियों की समस्याएं उठाईं। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बाजार के विस्तार से छोटे कारोबारियों के सामने चुनौतियां बढ़ी हैं। उन्होंने यूपीआई लेनदेन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) शुल्क लगाए जाने की आशंका को लेकर भी चिंता जताई।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया ने कहा कि व्यापारी समाज सपा सरकार के कार्यकाल में लिए गए व्यापार हितैषी फैसलों को याद करता है। उन्होंने चुंगी प्रथा और तहबाजारी समाप्त करने, इंस्पेक्टर राज पर अंकुश लगाने तथा पंजीकृत व्यापारियों के लिए निःशुल्क दुर्घटना बीमा योजना शुरू करने जैसे कदमों का उल्लेख किया।
एमएलसी चुनाव में समर्थन की अपील
सम्मेलन में 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक खंड एमएलसी चुनाव के लिए सपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने की अपील की गई। वक्ताओं ने शिक्षक खंड के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव और स्नातक खंड के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा के पक्ष में मतदान कराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष आलोक प्रकाश गुप्ता ने की, जबकि संचालन महानगर महासचिव सोहन लाल चौरसिया ने किया। महानगर अध्यक्ष काशीनाथ गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत किया।
आयोजक मंडल में प्रदेश सचिव एवं वाराणसी मंडल प्रभारी मुरलीधर जायसवाल, प्रदेश सचिव रवि जायसवाल, चरन दास गुप्ता, मोहम्मद अफजल सिद्दीकी, सुजीत गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला महासचिव प्रदीप मोदनवाल ने सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
सम्मेलन में सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महानगर अध्यक्ष दिलीप डे, पूर्व महानगर अध्यक्ष पारसनाथ जायसवाल, पार्षद दल के नेता हारून अंसारी, पूर्व महापौर प्रत्याशी डॉ. ओपी सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संजय मिश्रा समेत समाजवादी पार्टी और समाजवादी व्यापार सभा के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।

