घने कोहरे के कारण रिंग रोड पर तीन भारी वाहनों की टक्कर
चालक बाल-बाल बचे
वाराणसी (जनवार्ता)। हरहुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत रिंग रोड फेज-2 पर शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण तीन भारी वाहनों की आपसी टक्कर हो गई। हादसा कोईराजपुर गांव के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ, जिसमें दो हाईवा टिपर और एक ट्रेलर आपस में भिड़ गए। दुर्घटना में वाहनों के केबिन क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी चालक सुरक्षित बच गए और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेलर (यूपी62 बीटी 3150) शुक्रवार रात से सड़क किनारे खड़ा था। इसके चालक संदीप कुमार यादव (निवासी तिवारीपुरवा, उगरपुर, सुल्तानपुर) वाहन में ही सो रहे थे। शनिवार सुबह राजातालाब की ओर से आ रही हाईवा टिपर (यूपी63 बीटी 4691) के चालक को घने कोहरे में खड़ा ट्रेलर दिखाई नहीं दिया और उसने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से हाईवा चालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए भेजा गया।
इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी हाईवा टिपर (बीआर28 जीबी 6186) का चालक भी कोहरे के कारण समय पर ब्रेक नहीं लगा सका और वह पहले हुए हादसे में जा भिड़ा। तीनों वाहन सड़क पर फंस गए, जिससे कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा।
सूचना पर हरहुआ पुलिस चौकी के प्रभारी के.के. वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क किनारे हटवाया और यातायात बहाल कराया।
चौकी प्रभारी के.के. वर्मा ने बताया कि तीनों चालक आपस में बातचीत कर रहे हैं और अभी तक किसी वाहन स्वामी की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कोहरे के मौसम में वाहन चालकों से धीमी गति से वाहन चलाने और सतर्क रहने की अपील की है।

