UP Board Exam 2026: वाराणसी में 117 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई परीक्षा
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं बुधवार से जिले में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गईं। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस वर्ष जिले में 117 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 92,277 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
जिले में हाईस्कूल के 46,300 और इंटरमीडिएट के 45,977 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। पहले दिन दोनों पालियों में हिंदी विषय की परीक्षा कराई जा रही है। पहली पाली सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक हाईस्कूल की परीक्षा और दूसरी पाली दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक इंटरमीडिएट की परीक्षा आयोजित की गई।


नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों को CCTV निगरानी में रखा गया है। राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में बनाए गए कंट्रोल रूम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के परीक्षा केंद्रों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। जिले को 12 सेक्टर और 8 जोन में बांटकर सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा उड़ाका दल की पांच टीमें भी सक्रिय हैं, जो समय-समय पर केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रही हैं।
परीक्षा के पहले दिन कई केंद्रों पर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया और उन्हें मिठाई खिलाकर परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। वहीं किसान इंटर कॉलेज में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

