वाराणसी : कोचिंग शिक्षक पर नाबालिग छात्रा के यौन शोषण और अश्लील वीडियो बनाने का गंभीर आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। लालपुर-पांडेपुर थाना क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर से जुड़े शिक्षक अमित कुमार पर छात्रा के साथ यौन शोषण और अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रमरेपुर, पहड़िया (वाराणसी मंडी क्षेत्र) की रहने वाली एक छात्रा ने दौलतपुर, पहड़िया स्थित कोचिंग सेंटर में पढ़ाने वाले अमित कुमार पर जबरदस्ती करने, अश्लील वीडियो बनाए जाने और विरोध पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि आरोपी पढ़ाई के बहाने उससे गलत हरकतें करता था। विरोध करने पर उसे पीटा गया और बदनाम करने की धमकी दी गई।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बना ली और धमकी दी कि कोचिंग छोड़ने या किसी को बताने पर वीडियो वायरल कर बदनाम कर देगा। डर से छात्रा ने कोचिंग जाना बंद कर दिया, लेकिन आरोपी ने उसके बाद भी उसका पीछा किया और रास्ते में परेशान किया।
मामला सोमवार को तब उजागर हुआ जब छात्रा घर से निकली तो रास्ते में आरोपी ने उसे रोका और मारपीट की। इसके बाद पीड़िता सीधे थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

