वाराणसीः क्रिकेट कोच पर दो नाबालिग खिलाड़ियों से यौन शोषण का गंभीर आरोप
भेलूपुर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

वाराणसी (जनवार्ता) । दुर्गाकुंड क्षेत्र में क्रिकेट कोचिंग देने वाले एक व्यक्ति पर दो नाबालिग खिलाड़ियों (14 एवं 15 वर्ष) के साथ यौन शोषण का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित बच्चों के परिजनों की शिकायत पर भेलूपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात कोच गौतम (पूरा नाम पता : दुर्गाकुंड) के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
परिजनों का आरोप है कि कोच ने दोनों बच्चों को “लखनऊ में सेलेक्शन ट्रायल और मेडिकल टेस्ट” कराने के बहाने अपने साथ ले गया था। वहाँ तीन दिन तक बच्चों के साथ कथित तौर पर यौन शोषण किया गया। घर लौटने पर बच्चों की तबीयत बिगड़ने से परिजनों को पूरी घटना का पता चला।
परिजन तुरंत भेलूपुर थाने पहुँचे। पुलिस ने दोनों बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज किए।
थाना प्रभारी सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया, “मामला अत्यंत संवेदनशील है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।”
सहायक पुलिस आयुक्त (भेलूपुर) गौरव कुमार ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है तथा मामले की जांच उच्च प्राथमिकता पर की जा रही है।
घटना के सामने आने के बाद स्थानीय खेल जगत और अभिभावकों में भारी आक्रोश है। कई अभिभावकों ने कोचिंग सेंटर्स में बच्चों की सुरक्षा के लिए सख्त नियम बनाने की मांग की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कोच पहले भी कुछ विवादों में रह चुका है, लेकिन इस बार मामला अत्यंत गंभीर होने से उसकी गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।

