19.68 करोड़ की लागत से बनेगा वरुणा सेतु, विधायक डॉ. सुनील पटेल ने किया शिलान्यास
वाराणसी (जनवार्ता)। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के लहिया-भतसार गांव स्थित महादेव घाट पर सोमवार को 19 करोड़ 68 लाख 78 हजार रुपये की लागत से बनने वाले वरुणा सेतु परियोजना का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। कार्यक्रम में रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।


विधायक डॉ. सुनील पटेल ने कहा कि वर्षों से भतसार क्षेत्र के लोगों की वरुणा नदी पर पुल निर्माण की मांग थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुल के निर्माण से लहिया, भतसार, खेवली, पंपापुर, बहरा, कपड़फोरवा समेत दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और सतत प्रयासों से यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र की जनता को समर्पित की जा रही है। पुल बनने से लोगों का समय और दूरी दोनों कम होंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि परियोजना को मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस दौरान विधायक ने सेतु निगम के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
शिलान्यास समारोह में क्षेत्रीय जनता ने विधायक का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया और पुल निर्माण की पहल के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सचिव राकेश यादव, क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पटेल, डॉ. उमेश पटेल, आलोक पांडेय, अमित पटेल, बसंत लाल पटेल, राजकुमार वर्मा, श्यामबली पटेल, विनोद पटेल, नागेंद्र पटेल, संतोष प्रधान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

