भेलूपुर रेवड़ी तालाब मार्ग पर भीषण जाम, चौकी के सामने घंटों फंसे रहे वाहन
वाराणसी (जनवार्ता)। शहर के व्यस्त इलाकों में शामिल भेलूपुर क्षेत्र स्थित रेवड़ी तालाब मार्ग पर सोमवार को लगे जाम के कारण गर्मी और उमस से परेशान दिखे। जब चौकी के सामने अचानक लंबा जाम लग गया परन्तु पुलियकर्मी नदारद दिखे। दोपहर के समय लगे इस जाम के कारण चार पहिया और दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेवड़ी तालाब मार्ग पर सड़क की चौड़ाई कम होने, दोनों ओर बेतरतीब खड़े वाहनों और ऑटो-ई-रिक्शा के अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित हो गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब एक साथ कई स्कूल वाहन और निजी गाड़ियां मार्ग पर पहुंच गईं, जिससे सड़क पूरी तरह जाम हो गई।
चौकी के ठीक सामने जाम लगने से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। राहगीरों का कहना था कि इस मार्ग पर अक्सर इसी तरह की स्थिति बनती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जा रहा है। दुकानदारों ने बताया कि सड़क किनारे अवैध पार्किंग और ठेला-फेरी वालों की वजह से रास्ता और संकरा हो जाता है।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु कराया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम की स्थिति सामान्य हो सकी।
क्षेत्रीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि रेवड़ी तालाब मार्ग पर नियमित ट्रैफिक व्यवस्था, अवैध पार्किंग पर सख्ती और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

