काशी में गंगा के बीच नाव पर बीयर पार्टी, डीजे पर डांस का वीडियो वायरल

काशी में गंगा के बीच नाव पर बीयर पार्टी, डीजे पर डांस का वीडियो वायरल

वाराणसी (जनवार्ता)। काशी में गंगा नदी के बीच नाविकों की कथित बीयर पार्टी और डीजे पर डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो रविवार रात का है, जब माझी समाज के लोग पारंपरिक ‘बधावा’ लेकर मिर्जापुर स्थित अदलपुरा धाम में शीतला माता के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और जल पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, शीतला अष्टमी के अवसर पर हर वर्ष माझी समाज के नाविक ‘बधावा’ लेकर अदलपुरा धाम जाते हैं। इसी परंपरा के तहत इस बार भी वाराणसी से करीब 4000 नाविक 1500 नावों के साथ गंगा मार्ग से निकले। नावों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था और कई नावों पर बड़े डीजे सिस्टम भी लगाए गए थे।

वायरल वीडियो में कुछ नाविक बीच गंगा में संगीत की तेज धुनों पर डांस करते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने नाव पर बीयर पार्टी भी की। वीडियो में तेज रोशनी, ऊंची आवाज में बजते गाने और जश्न जैसा माहौल साफ दिखाई दे रहा है, जिससे प्रशासनिक प्रतिबंधों की अनदेखी भी उजागर हुई है।

माझी समाज के लिए शीतला माता उनकी कुलदेवी मानी जाती हैं। अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर में सप्तमी और अष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना होती है। इस दिन नाविक ‘बधावा’ गीत गाते हुए माता का गुणगान करते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। यह परंपरा कई पीढ़ियों से चली आ रही है और लोकसंस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जाती है।

इसे भी पढ़े   लालपुर : मढ़वा गांव में बंद मकान से लाखों की चोरी

वाराणसी प्रशासन ने गंगा की संवेदनशीलता और सुरक्षा को देखते हुए नावों पर डीजे बजाने और किसी भी प्रकार की पार्टी करने पर पहले से रोक लगा रखी है। इसके बावजूद बीच नदी में कथित पार्टी और शराब सेवन की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद मां गंगा निषादराज सेवा न्याय संगठन ने एसीपी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि कुछ लोगों की हरकत को पूरे नाविक या माझी समाज से जोड़ना गलत होगा। जो भी लोग इस तरह की गतिविधि में शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

एसीपी अतुल अंजान ने कहा कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *