क्रूरता से लदा गौवंश तस्करी का पिकअप ग्रामीणों ने पकड़ा, एक ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ा
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के रजवाड़ी गांव स्थित हवाई पट्टी के पास गोवंश को क्रूरता पूर्वक लाद कर तस्करी का एक मामला सामने आया। रविवार को कुछ अज्ञात लोग एक पिकअप वाहन (मैजिक) में चार गोवंशों को बेहद क्रूरतापूर्वक बांधकर तस्करी के लिए ले जा रहे थे।ग्रामीणों की नजर जैसे ही वाहन पर पड़ी, चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पशु चिकित्सा अधिकारी चौबेपुर को घटना की जानकारी दी।मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. वर्मा ने जनवार्ता प्रतिनिधि को बताया कि घटनास्थल पर एक गोवंश की मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य नर गोवंश (सांड) गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसका तत्काल उपचार किया गया। वहीं, अन्य दो गोवंश सुरक्षित बरामद हुए। डॉ. वर्मा ने बताया कि घायल गोवंश को प्राथमिक उपचार के बाद अन्य दो सुरक्षित गोवंशों के साथ गो आश्रय स्थल भेज दिया गया।
वहीं थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने जनवार्ता प्रतिनिधि को बताया कि गोवंशों से भरे वाहन (मैजिक) को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

रिपोर्ट: [संवाददाता का नाम], जनवार्ता

