चौबेपुर बाजार में शातिराना चोरी: गोदाम का ताला तोड़ 60 बाल्टी पेंट पर हाथ साफ, थाना प्रभारी ने नहीं उठाया फोन
चौबेपुर (जनवार्ता): स्थानीय थाना क्षेत्र के चौबेपुर बाजार में एक दुकान के गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने 20-20 किलो वाली पेंट की 60 बाल्टियों पर हाथ साफ कर दिया। वारदात शुक्रवार मध्य रात्रि की बताई जा रही है। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान के गोदाम पर फिर से ताला लगा दिया, जिससे घटना का पता अगली सुबह ही चल सका।पीड़ित दुकानदार संतोष कुमार बरनवाल ने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह शनिवार सुबह गोदाम खोलने पहुंचे तो ताला खुल नहीं रहा था। किसी तरह ताला खोलने पर गोदाम के अंदर का नजारा देख वह हैरान रह गए। सारा सामान बिखरा हुआ था और करीब 20-20 किलो वाली पेंट की 60 बाल्टियाँ गायब थीं।
पीड़ित के अनुसार, चोरों ने बड़ी ही शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया। ताला तोड़ने के बाद भी उन्होंने वापस ताला लगा दिया, ताकि रात में किसी को शक न हो। घटना की सूचना पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर दी, साथ ही स्थानीय थाना चौबेपुर में लिखित तहरीर भी दी है।वहीं, इस मामले में पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। जनवार्ता प्रतिनिधि ने मामले में थाना प्रभारी का पक्ष जानने के लिए नए थाना प्रभारी चौबेपुर वीरेंद्र कुमार सोनकर को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा। पुलिस के इस रवैये से पीड़ित व्यापारी में आक्रोश है।


