जौनपुर का मान बढ़ाया: विराट ने जेईई मेन्स में 97.69 परसेंटाइल हासिल किया
चंदवक (जौनपुर)। क्षेत्र के गोठौली गांव के प्रतिभाशाली छात्र विराट रघुवंशी ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद जेईई मेन्स सेशन-2 में 97.69 परसेंटाइल अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

विराट, स्वर्गीय अमित सिंह के पुत्र हैं। पिता के निधन के बाद भी उन्होंने पारिवारिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करते हुए अपनी पढ़ाई जारी रखी और यह मुकाम हासिल किया। उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास ने यह साबित कर दिया कि कठिन हालात भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनते।
उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीपीएस वाराणसी से प्राप्त की, जहां से उन्होंने दसवीं तक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद ग्रीन वैली, वाराणसी से इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने अनुशासन और समर्पण बनाए रखा।
विराट ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी माता अर्चना सिंह, चाचा डॉ. विनीत कुमार सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाया।
इस उपलब्धि पर गांव और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।

