बूथ जीता, चुनाव जीता” – सीएम योगी ने काशी में दिया जीत का मंत्र
मतदाता सूची शुद्धिकरण को बताया सबसे बड़ा हथियार।

वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को सर्किट हाउस में काशी क्षेत्र के भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी बैठक ली। बैठक में उन्होंने साफ-साफ शब्दों में कहा कि अभी मेहनत कर लो, चुनाव में आराम मिलेगा। बूथ पर टीम मजबूत नहीं होगी तो जीत दूर की कौड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को सीधा टास्क देते हुए कहा कि मतदाता सूची को पन्ना-पन्ना छानो, एक-एक नाम चेक करो। मृतक, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और गायब नामों को तुरंत हटवाओ या जोड़ो। हर बूथ पर दो-दो टीमें बनाओ जो घर-घर जाकर फॉर्म भरवाए। जो पात्र है उसका नाम छूटना नहीं चाहिए और जो अपात्र है उसका नाम सूची में रहना नहीं चाहिए।

सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुराना नारा एक बार फिर दोहराया कि चुनाव बूथ पर लड़ा जाता है। चेतावनी भरे लहजे में उन्होंने कहा, “अभी ढिलाई की तो चुनाव के समय रोना पड़ेगा। अभी जो पसीना बहाओगे, वही बाद में वोट बनकर वापस आएगा।”
बैठक में कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, दयाशंकर सिंह, अनिल राजभर, ओमप्रकाश राजभर, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या समेत सैकड़ों विधायक, एमएलसी और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन काशी क्षेत्र के पूर्व संगठन मंत्री ओमप्रकाश श्रीवास्तव ने किया जबकि क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और बुके देकर स्वागत किया।

