वाराणसी कोर्ट : जज के सामने महिला ने निकाला चाकू, मचा हड़कंप
वाराणसी (जनवार्ता) । सिविल कोर्ट परिसर में गुरुवार दोपहर एसीजेएम षष्ठम के कोर्ट रूम में एक महिला ने जज के ठीक सामने अपने बैग से चाकू निकाल लिया और एक महिला अधिवक्ता को धमकी देने लगी। यह घटना इतनी अचानक हुई कि कोर्ट रूम में मौजूद सभी लोग स्तब्ध रह गए, लेकिन गनीमत रही कि सुरक्षाकर्मियों और अन्य वकीलों ने तुरंत हस्तक्षेप कर महिला को काबू में ले लिया और किसी बड़े हादसे को टाल दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, रेखा देवी नामक महिला मिर्जामुराद थाने के चंगवार बेनीपुर की रहने वाली है। वह लगभग दो महीने पहले अपने परिजनों द्वारा की गई मारपीट के मामले में मेडिकल रिपोर्ट (मुआयना) लेकर कोर्ट पहुंची थी। अपनी पैरवी के दौरान उसकी एक महिला अधिवक्ता से तीखी बहस हो गई। महिला ने अधिवक्ता से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की, लेकिन अधिवक्ता ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देकर असमर्थता जताई।
इससे आगबबूला होकर महिला ने अचानक बैग से चाकू निकाला और अधिवक्ता को धमकाना शुरू कर दिया। जज के सामने हुई इस घटना से पूरे कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत महिला को पकड़ लिया, चाकू छीन लिया और कैंट थाना पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं पाई गई है। वह बार-बार पारिवारिक विवाद, मारपीट और घरेलू तनाव की बात दोहरा रही थी। पुलिस अब गहराई से जांच कर रही है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद महिला चाकू लेकर कोर्ट रूम तक कैसे पहुंच गई।
यह घटना कोर्ट परिसर की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। पिछले कुछ दिनों में कोर्ट को बम धमाके की कई धमकियां मिल चुकी हैं, जिसके चलते चेकिंग और सतर्कता बढ़ाई गई थी। फिर भी चाकू जैसा खतरनाक हथियार अंदर पहुंच जाना एक बड़ी चूक मानी जा रही है।
पुलिस ने महिला के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

