निर्भया दिवस पर महिलाओं ने निकाली साइकिल रैली

निर्भया दिवस पर महिलाओं ने निकाली साइकिल रैली

बेटियों की सुरक्षा व महिला हिंसा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता)। निर्भया दिवस (16 दिसंबर) के अवसर पर प्रधानमंत्री के सांसद आदर्श ग्राम नागेपुर से सैकड़ों महिलाओं व बालिकाओं ने घरेलू हिंसा, लैंगिक भेदभाव, यौन उत्पीड़न और शराब बिक्री के खिलाफ जन आक्रोश साइकिल रैली निकाली। आशा ट्रस्ट व लोक समिति द्वारा आयोजित इस रैली में आराजीलाइन और सेवापुरी ब्लॉक के दर्जनों गांवों से आईं महिलाएं व बालिकाएं नागेपुर स्थित लोक समिति आश्रम पर एकत्र हुईं।

रैली नागेपुर से शुरू होकर मेहंदीगंज, बीरभानपुर, कचनार, राजातालाब बाजार और आराजीलाइन ब्लॉक मुख्यालय होते हुए राजातालाब तहसील पहुंची। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां व बैनर लेकर तहसील गेट पर बेटियों व महिलाओं की शिक्षा एवं सुरक्षा को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान ‘महिला हिंसा बंद करो’, ‘छेड़खानी पर रोक लगाओ’, ‘शराब बेचना बंद करो’, ‘चुप नहीं रहना है, हिंसा नहीं सहना है’, ‘भेदभाव मिटाएंगे, नया समाज बनाएंगे’ जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन में यूपी की बेटी निर्भया को श्रद्धांजलि दी गई तथा महिला हिंसा को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया गया। प्रतिरोध सभा में वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं व लड़कियों के साथ रोजाना छेड़खानी, लैंगिक भेदभाव व यौन हिंसा की घटनाएं हो रही हैं, इसे सरकार व समाज को मिलकर कड़ाई से रोकना होगा। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम 12 सूत्रीय मांग पत्र नायब तहसीलदार को सौंपा गया।

लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि हर गांव-शहर में बालिकाओं व महिलाओं के साथ छेड़खानी व दुराचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार को इसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि महिला हिंसा के खिलाफ 25 नवंबर से आराजीलाइन व सेवापुरी ब्लॉक के 80 गांवों में रैली, नुक्कड़ सभा, जुलूस, कैंडल मार्च व थाना भ्रमण आदि से ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है।

इसे भी पढ़े   हरिश्चन्द्र पार्क में जुआ खेल रहे तीन गिरफ्तार

कार्यक्रम में सोनी, अनीता, मनीषा, आशा, सीमा, मंजिता, मधुबाला, विमला, प्रियंका, प्रेमा, विद्या, आशीष, सिताबुन, श्यामसुंदर, रामबचन, चंद्रकला, बेबी, पुष्पा, राजकुमारी, सुनील, शीला, आशा रानी, शिवकुमार, मनीष, पंचमुखी, अवनीश, शमा बानो आदि मुख्य रूप से शामिल रहीं। रैली का नेतृत्व किशोरी संयोजिका सोनी ने किया, जबकि अध्यक्षता अनीता व संचालन नंदलाल मास्टर ने किया ।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *