काशी में बनेगा विश्व का सबसे ऊंचा शिवलिंग
वाराणसी (जनवार्ता)। भगवान शिव की नगरी काशी में विश्व का सबसे ऊंचा शिवलिंग स्थापित करने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम ने भेलूपुर स्थित जलकल विभाग की लगभग 20 एकड़ भूमि पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए स्थान चिन्हित कर लिया है। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को अगले नौ से दस महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना के तहत विशाल शिवलिंग के साथ शिव थीम आधारित एक भव्य अर्बन पार्क भी विकसित किया जाएगा। पार्क में लेजर शो सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
काशी विश्वनाथ धाम सहित भगवान शिव की आस्था से जुड़े अनेक प्राचीन स्थलों के कारण वाराणसी की पहचान विश्वभर में है। ऐसे में विश्व के सबसे ऊंचे शिवलिंग की स्थापना से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने के बाद देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को एक नया आध्यात्मिक और पर्यटन स्थल मिलेगा।

