वाराणसी से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बड़ी सुविधा, ‘ईज़ी कनेक्ट’ सेवा 25 जून से शुरू
वाराणसी (जनवार्ता)। एअर इंडिया 25 जून से वाराणसी से अपनी नई ‘ईज़ी कनेक्ट’ सेवा शुरू करने जा रही है। इस पहल के तहत वाराणसी से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को चेक-इन और इमिग्रेशन की प्रक्रिया अपने गृह हवाई अड्डे पर ही पूरी करने की सुविधा मिलेगी। इससे दिल्ली जैसे बड़े हब एयरपोर्ट पर दोबारा चेक-इन या सामान लेने की आवश्यकता नहीं होगी और यात्रियों का समय भी बचेगा।

एअर इंडिया की यह पहल भारत सरकार के हब-एंड-स्पोक मॉडल के तहत शुरू की जा रही है, जिसका उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों को अंतरराष्ट्रीय विमानन नेटवर्क से अधिक प्रभावी ढंग से जोड़ना है। इस मॉडल के माध्यम से वाराणसी जैसे शहरों के यात्री दिल्ली के जरिए दुनिया के प्रमुख गंतव्यों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
एअर इंडिया के गवर्नेंस, रिस्क, कंप्लायंस एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स के ग्रुप हेड पी. बालाजी ने कहा कि हब-एंड-स्पोक मॉडल को सफल बनाने के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट प्रबंधन और विभिन्न सरकारी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वाराणसी से शुरू की जा रही यह सुविधा भविष्य में देश के अन्य शहरों तक भी विस्तार पाएगी।
नई व्यवस्था के तहत वाराणसी से दिल्ली के लिए एआई-1111 उड़ान का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। दिल्ली पहुंचने के चार घंटे के भीतर यात्रियों को एअर इंडिया के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से लंदन हीथ्रो, फ्रैंकफर्ट, मिलान, रोम, ज्यूरिख, मनीला, सिंगापुर, फुकेत, कुआलालंपुर, रियाद और दुबई सहित 17 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए कनेक्टिंग उड़ानों की सुविधा उपलब्ध होगी।
एअर इंडिया के अनुसार, ‘ईज़ी कनेक्ट’ सेवा का प्रमुख उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय यात्रा को अधिक सरल, सहज और सुविधाजनक बनाना है। यात्री अपने अंतिम गंतव्य तक का बोर्डिंग पास वाराणसी में ही प्राप्त कर सकेंगे तथा उनका सामान सीधे अंतिम गंतव्य तक भेजा जाएगा। इससे हब एयरपोर्ट पर लंबी कतारों और अतिरिक्त औपचारिकताओं से राहत मिलेगी।
कंपनी ने बताया कि नई सेवा के लिए बुकिंग सभी माध्यमों पर शुरू कर दी गई है। यात्री एअर इंडिया की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, कॉन्टैक्ट सेंटर अथवा अधिकृत ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से टिकट बुक करा सकते हैं। एअर इंडिया का दावा है कि यह पहल छोटे शहरों के यात्रियों के लिए वैश्विक कनेक्टिविटी के नए अवसर खोलेगी और अंतरराष्ट्रीय यात्रा अनुभव को अधिक सुविधाजनक बनाएगी।

