काशी में जुटेंगे प्रदेश के युवा हैंडबॉल सितारे, इंडो-नेपाल चैंपियनशिप के लिए 11 खिलाड़ियों का चयन
वाराणसी (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में राज्य स्तरीय अंडर-20 हैंडबॉल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन 7 से 9 जून तक वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर (लोहता) में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 मंडलों से 150 से अधिक खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अधिकारी भाग लेंगे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन 7 जून को शाम 5:30 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ तथा वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह ‘भोला’ करेंगे।
शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के कार्यकारी महासचिव एवं उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के अध्यक्ष अमित पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगिता में वाराणसी, लखनऊ, हरदोई, संत कबीर नगर, मऊ, मुरादाबाद, गोरखपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद तथा संत रविदास नगर सहित विभिन्न जनपदों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि काशी के लिए यह गौरव का विषय है कि एस.एन. पाण्डेय खेल संस्थान ट्रस्ट (श्यामा हैंडबॉल अकादमी) के 11 खिलाड़ियों का चयन 4वीं इंडो-नेपाल इंटरनेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप-2026 के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता 13 से 15 जून तक नेपाल के पोखरा में आयोजित होगी।
अमित पाण्डेय ने बताया कि अकादमी की पुरुष टीम 11 जून को नेपाल के लिए रवाना होगी। टीम में कप्तान रजनीश यादव, अंकित यादव, अनीश यादव, अजय यादव, आजाद यादव, आर्यन यादव, निर्भय पटेल, रितिक सरोज, निखिल यादव, सूर्य प्रकाश प्रजापति और हर्षित कुमार गुप्ता शामिल हैं। टीम के साथ कोच सूर्य भान और अमित कुमार पाण्डेय भी जाएंगे।
प्रेसवार्ता में वाराणसी हैंडबॉल संघ के कोषाध्यक्ष प्रखर शुक्ला, उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के विकास अधिकारी शुभम राय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

