युवक ने शादी न करने पर दी तेजाब फेंकने की धमकी
बेटी की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर डालने का आरोप
वाराणसी (जनवार्ता)। दशाश्वमेध थाना क्षेत्र में एक महिला ने युवक के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि आरोपी उसकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा है और मना करने पर तेजाब फेंकने की धमकी दे रहा है। साथ ही वह युवती की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर उसकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पीड़िता की मां ने तहरीर में बताया कि रामनगर थाना क्षेत्र के कटेसर निवासी दीपू सहानी कई दिनों से उनकी बेटी को परेशान कर रहा है। वह घर के आसपास मंडराता रहता है, दरवाजा और खिड़की पीटकर परिवार को डराने की कोशिश करता है। हाल ही में उसने युवती की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट करनी शुरू कर दी हैं, जिससे परिवार दहशत में है।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने धमकी दी है कि अगर उसकी बेटी की शादी उससे नहीं करवाई गई तो वह किसी और की भी नहीं होने देगा और उस पर तेजाब फेंक देगा। इस डर के कारण परिवार ने बेटी का स्कूल जाना तक बंद कर दिया था। महिला का कहना है कि सोशल मीडिया पर तस्वीरें पोस्ट करने से बेटी के भविष्य पर भी असर पड़ सकता है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि 9 फरवरी को परीक्षा देने जाते समय जंगमबाड़ी के पास आरोपी ने युवती को रोक लिया। विरोध करने पर वह उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग गया, जिसके बैक कवर में 5 हजार रुपये भी रखे थे।
महिला ने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, महिलाओं को धमकी देना, पीछा करना (स्टॉकिंग) और सोशल मीडिया के जरिए उत्पीड़न जैसे मामलों में पिछले कुछ वर्षों में बढ़ोतरी देखी गई है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है, ताकि पीड़िताओं को सुरक्षा और न्याय मिल सके।


