जिलाधिकारी और अपर पुलिस कमिश्नर ने मार्कण्डेय महादेव का किया निरीक्षण

जिलाधिकारी और अपर पुलिस कमिश्नर ने मार्कण्डेय महादेव का किया निरीक्षण

वाराणसी (जनवार्ता)।  महाशिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी को बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, स्वच्छता, सुविधा और भीड़ प्रबंधन की पूरी तैयारी शुरू कर दी है।

rajeshswari

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस कमिश्नर शिवहरि मीणा ने आज कैथी स्थित प्रसिद्ध मार्कण्डेय महादेव मंदिर एवं आसपास के घाटों का औचक निरीक्षण किया। यह मंदिर गंगा-गोमती संगम के तट पर स्थित है और महाशिवरात्रि पर यहां बड़ी संख्या में भक्त जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश-निकास द्वार, मेला क्षेत्र और घाटों का विस्तृत भ्रमण किया। मुख्य पुजारी से विस्तार से चर्चा कर मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधारों के सख्त निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के लिए मल्टीपल सफाई अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। डीपीआरओ को सफाई कर्मियों एवं सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाने का निर्देश मिला है। सुरक्षा को मजबूत करने के लिए मंदिर के बाहर महिला पुलिसकर्मियों और मंदिर प्रबंधन समिति के वॉलंटियर्स तैनात किए जाएंगे। जिगजैग बैरिकेडिंग लगाई जाएगी तथा निर्माणाधीन या क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

घाटों पर डीप वाटर बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, मोबाइल टॉयलेट, पीने के पानी के टैंकर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम और उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। खराब लाइटों की तत्काल मरम्मत कराई जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए होल्डिंग एरिया और पार्किंग की व्यवस्था होगी। घाट पर जल पुलिस चौकी स्थापित की जाएगी तथा गोताखोरों की तैनाती होगी।

इसे भी पढ़े   जेल में बंद माफिया अतीक के बेटे के खिलाफ एफआईआर दर्ज,रंगदारी और हमला करने का आरोप

नाव संचालन में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। नाविकों को बिना लाइफ जैकेट के सवारी न करने देने पर विशेष जोर दिया गया है और उनके साथ बैठक करवाई जाएगी। इसके अलावा कंट्रोल रूम स्थापित करना, सीसीटीवी कैमरों का संचालन सुनिश्चित करना, विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और जूते-चप्पलों के लिए क्लॉक रूम या लॉकर रूम की व्यवस्था भी की जाएगी।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं ताकि लाखों श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक कर सकें। निरीक्षण के अंत में दोनों अधिकारियों ने मंदिर में दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर एसडीएम नितिन सिंह, डीसीपी प्रमोद कुमार, डीपीआरओ, एएमए जिला पंचायत, तहसीलदार, लेखपाल, ग्राम सचिव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इन व्यापक तैयारियों से उम्मीद है कि वाराणसी में महाशिवरात्रि शांतिपूर्ण, भव्य और पूरी तरह सुरक्षित रूप से मनाई जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *