कानपुर में ऑयल फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट:1 की मौत,6 गंभीर
कानपुर। कानपुर देहात से बड़ी खबर है। यहां शुक्रवार को रनिया इलाके में ऑयल फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि 6 गंभीर है। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में बने एक कमरे में मजदूर सिलेंडर में खाना बना रहे थे। उसी दौरान अचानक ब्लास्ट हुआ।
सिलेंडर ब्लास्ट इतना तेज था कि कमरे की दीवार उड़ गई। कई जगह छेद हो गया। छत चटक गई। धमाके के बाद कमरे में आग लग गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने झुलसे हुए मजदूरों को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि वैभव एडिबल फैक्ट्री में हादसा हुआ है। घटना सुबह 11 बजे की है। एक घायल मजदूर ने बताया कि हम लोग खाना खाने जा रहे थे। तभी तेज धमाका हुआ। हम लोग समझ ही नहीं पाए कि ये हादसा कैसे हुआ। हादसे के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायलों को कानपुर इलाज के लिए भेजा गया है।
हरदोई का था मृतक
मरने वाले मजदूर का नाम राजीव कुमार है। उसका इलाज कानपुर हैलेट में चल रहा था। वो हरदोई का रहने वाला था। वहीं गंभीर रूप से घायल 17 साल के नाबालिग को केजीएमयू रेफर कर दिया गया है। बाकी 5 घायलों का कानपुर देहात रायपुर के DS मेमोरियल में इलाज चल रहा है।