पूर्व डिप्टी सीएम रंधावा के बेटे पर फायरिंग, गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया पर धमकी का आरोप

पूर्व डिप्टी सीएम रंधावा के बेटे पर फायरिंग, गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया पर धमकी का आरोप

फतेहगढ़ चूरियां/चंडीगढ़, (जनवार्ता)
पंजाब में एक बार फिर गैंगस्टर गतिविधियों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के बेटे उदयवीर रंधावा को जान से मारने की धमकी मिली है। इस धमकी के पीछे कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का नाम सामने आया है।

सुखजिंदर रंधावा ने गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सनसनीखेज खुलासा किया कि उनके बेटे से मिलने के एक घंटे के भीतर ही उस पर फतेहगढ़ चूरियां में फायरिंग की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि गैंगस्टर भगवानपुरिया ने सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी है।

घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की है, जब फतेहगढ़ चूरियां के एक पगड़ी सेंटर पर दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने गोलियां चलाईं। यह सेंटर परमिंदर सिंह नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। हमले के वक्त वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ। सूत्रों के मुताबिक घटना से महज एक घंटे पहले तक उदयवीर रंधावा इसी स्थान पर मौजूद थे।

पूर्व डिप्टी सीएम रंधावा ने इस हमले को प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “केजरीवाल और भगवंत मान ने पंजाब को गैंगस्टरों का अड्डा बना दिया है। राज्य में अब आम नागरिक भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।”

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, हालांकि अब तक हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

इसे भी पढ़े   13 महिलाओं समेत 16 चेन स्नेचर गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *