आंध्र प्रदेशः काशीबुग्गा मंदिर में एकादशी पर भगदड़, 9 की मौत; कई घायल
श्रीकाकुलम (जनवार्ता) । आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में बुधवार रात एकादशी के अवसर पर भारी भीड़ जुटने से भगदड़ मच गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़ बेकाबू हो गई। रेलिंग टूटने से लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण के अपर्याप्त इंतजामों की वजह से स्थिति हाथ से बाहर हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और राहत टीमों ने घायलों को बाहर निकाला तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के साथ-साथ घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष एकादशी पर लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन इस बार भीड़ प्रबंधन में चूक हुई। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत राशि देने की घोषणा की है।

