यूपी में दो दर्जन से अधिक IAS अधिकारियों के तबादले
हिमांशु नागपाल बने गाजियाबाद के नगर आयुक्त
लखनऊ (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए दो दर्जन से अधिक भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी, विकास प्राधिकरणों के उपाध्यक्ष और नगर आयुक्तों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, गोरखपुर में मुख्य विकास अधिकारी के पद पर तैनात शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। उनके सामने शहर की सफाई व्यवस्था, जलनिकासी, कूड़ा प्रबंधन और विकास परियोजनाओं को गति देने की चुनौती होगी।
हिमांशु नागपाल के स्थानांतरण के बाद गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का उपाध्यक्ष बनाया गया है। वह पूर्व में सीतापुर और मुरादाबाद के जिलाधिकारी रह चुके हैं।
इसके अलावा लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को सीतापुर का जिलाधिकारी बनाया गया है। सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को निदेशक, सूडा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुजफ्फरनगर, बिजनौर, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज समेत पांच जिलों के जिलाधिकारियों का भी तबादला किया गया है।
गौरतलब है कि यह फेरबदल प्रदेश के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। खासतौर पर वाराणसी नगर निगम में नए नगर आयुक्त की तैनाती से शहर की विकास योजनाओं और नागरिक सुविधाओं को लेकर नई प्रशासनिक कार्यशैली की उम्मीद की जा रही है।

