बिहार में एनडीए की प्रचंड जीत
पटना (जनवार्ता)|बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की मतगणना जारी है और शुरुआती चार घंटे में ही सत्ता की दिशा लगभग तय होती दिखाई दे रही है। नवीनतम रुझानों के अनुसार एनडीए 190 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा 84 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू 74 सीटों पर मजबूत बढ़त बनाए हुए है। इसके अलावा चिराग पासवान की लोजपा-रालोद 22 सीटों पर और जीतन राम मांझी की पार्टी हम 5 सीटों पर बढ़त में है।

दूसरी ओर, विपक्षी महागठबंधन को अब तक केवल 50 सीटों पर ही बढ़त मिल सकी है। इनमें राजद 35 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि सीपीआई (एमएल) को 7 सीटों पर शुरुआती बढ़त मिली है। कांग्रेस 5 सीटों पर आगे है और सीपीआईएम 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। रुझानों से स्पष्ट है कि महागठबंधन इस चुनाव में पीछे रह गया है और एनडीए ने मजबूत स्थिति हासिल कर ली है।
उधर, जैसे-जैसे मतगणना के नतीजे सामने आते जा रहे हैं, भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल दिखने लगा है। पार्टी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़े, नारेबाज़ी और मिठाइयों के साथ बढ़त का उत्सव मनाते नजर आ रहे हैं।
मतगणना अभी जारी है और अंतिम नतीजों के लिए कुछ और समय लग सकता है। फिर भी, शुरुआती रुझान यह संकेत दे रहे हैं कि एनडीए एक बार फिर बिहार में सत्ता की ओर बढ़ रहा है।

