महिला सिपाही की सर्विस रिवॉल्वर से पति की मौत
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पटना। बिक्रम थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब डायल-112 में तैनात महिला सिपाही की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से उसके पति की मौत हो गई। घटना के समय महिला सिपाही और उसका पति कमरे में मौजूद थे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल बेहतर उपचार के लिए एम्स भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राज आर्या के रूप में बताई गई है। उसके सिर में गोली लगी थी।
पुलिस ने मौके से महिला सिपाही श्रुति कुमारी की सर्विस रिवॉल्वर बरामद कर ली है। सूचना पर डीएसपी पंकज कुमार शर्मा और स्थानीय थाना के प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा घटना की जांच शुरू की। पुलिस घटना के कारणों को लेकर विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
बताया गया कि श्रुति कुमारी की शादी करीब छह वर्ष पहले हुई थी। शादी के बाद वह बिहार पुलिस में भर्ती हुई और वर्तमान में पति के साथ बिक्रम में किराये के मकान में रह रही थी। दंपती की अभी कोई संतान नहीं थी।
पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। मामले की जांच जारी है।

