यूपी में IAS अधिकारियों की बड़ी पदोन्नति: 2001 और 2010 बैच के कई अफसरों को लाभ, आदेश 1 जनवरी से प्रभावी
लखनऊ (जनवार्ता) | उत्तर प्रदेश सरकार ने वार्षिक Departmental Promotion Committee (DPC) की बैठक में IAS अधिकारियों की बड़े स्तर पर पदोन्नति को मंजूरी दे दी है। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 2001 और 2010 बैच के अधिकारियों के नामों पर सहमति बनी। सभी पदोन्नतियां 1 जनवरी से प्रभावी होंगी, जबकि नियुक्ति विभाग आधिकारिक आदेश जल्द जारी करेगा।

2001 बैच के जिन चार अफसरों को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नति का रास्ता मिला है, उनमें मंडलायुक्त देवीपाटन शशि भूषण लाल सुशील, सचिव नगर विकास अजय कुमार शुक्ला, सचिव चिकित्सा शिक्षा अपर्णा यू और राजस्व बोर्ड के सदस्य एस.वी.एस. रंगाराव शामिल हैं। इन अधिकारियों ने 25 वर्ष की बेदाग सेवा और सभी आवश्यक मानकों को पूरा किया है।
2010 बैच के 20 IAS अधिकारियों को विशेष सचिव से सचिव पद पर पदोन्नति देने पर भी सहमति बनी है। इस बैच में वर्तमान में केवल दुर्गाशक्ति नागपाल ही जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी के रूप में तैनात हैं, जबकि अन्य अधिकारी विशेष सचिव या प्रभारी सचिव के रूप में कार्यरत हैं।
बैठक में 2013 बैच के अधिकारियों को सलेक्शन ग्रेड देने और 2017 बैच को एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड पे पर विचार किया गया। पदोन्नति से जुड़े सभी औपचारिक आदेश जल्द जारी किए जाएंगे।

