शामली : पुलिस मुठभेड में 50 हजार का इनामिया सामा ढेर, हेड कांस्टेबल घायल

शामली : पुलिस मुठभेड में 50 हजार का इनामिया सामा ढेर, हेड कांस्टेबल घायल

शामली (जनवार्ता) ।  जिले में सोमवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई जोरदार मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात हिस्ट्रीशीटर समयदीन उर्फ सामा मारा गया। थानाभवन और बाबरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी की थी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक हेड कांस्टेबल गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

rajeshswari

मुठभेड़ थानाभवन क्षेत्र के एक खेत में हुई। पुलिस ने घेराबंदी की तो समयदीन और उसके पांच साथी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। आत्मसमर्पण करने के बजाय बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में समयदीन को कई गोलियां लगीं और अस्पताल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। उसके पांच साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

मौके से पुलिस ने एक 9 एमएम पिस्टल (दो खोखा कारतूस सहित), एक .32 बोर पिस्टल (दो खोखा कारतूस सहित) और एक 315 बोर का तमंचा (दो खोखा व चार जिंदा कारतूस सहित) बरामद किया।

कांधला थाना क्षेत्र के रायजादगान मोहल्ले का रहने वाला समयदीन लंबे समय से कर्नाटक के तुमकुर में छिपा हुआ था। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में लूट, डकैती, हत्या का प्रयास समेत 32 से 40 तक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। वह तीनों राज्यों में वांटेड था।

पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों में दहशत पैदा करने और जनपद को अपराधमुक्त बनाने के अभियान का हिस्सा है। फरार बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

इसे भी पढ़े   मलबे में तबदील हुआ इरशालवाड़ी गांव,अबतक 16 की मौत,रेस्क्यू जारी

एक बड़ा और खतरनाक अपराधी भले ही खत्म हो गया हो, लेकिन उसके गैंग के बाकी सदस्य अभी भी पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। शामली पुलिस की मुहिम जारी है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *