लखनऊ में घर में घुसकर प्रेमी ने युवती को मारी गोली
कमरे में बंद कर फरार

लखनऊ (जनवार्ता) | लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक 21 वर्षीय युवती पर उसके प्रेमी ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी आकाश कश्यप रात करीब दो बजे शराब के नशे में युवती के किराए के मकान में घुस आया। विरोध करने पर उसने पहले युवती के साथ मारपीट की और घर का सामान तोड़ दिया। इसके बाद उसने तमंचा निकालकर युवती पर दो गोलियां चला दीं। एक गोली कंधे में और दूसरी हाथ में लगी। वारदात के तुरंत बाद वह युवती को कमरे में बंद कर अपनी स्कॉर्पियो से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी घर पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर युवती को घायल अवस्था में लोकबंधु अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस को मौके से ही सूचना दी गई, जिसके बाद पारा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नामजद FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।
युवती की बड़ी बहन के अनुसार, दोनों बहनें ऑर्केस्ट्रा में काम करती हैं। करीब एक साल पहले एक कार्यक्रम के दौरान आकाश से छोटी बहन की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध बने। लेकिन कुछ ही महीनों बाद युवती को पता चला कि आकाश नशे का आदी है और आपराधिक प्रवृत्ति का है। इसके बाद उसने उससे दूरी बना ली और बात करना बंद कर दिया। युवती को अनदेखा करना आakash को नागवार गुजरा और वह अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे लगातार परेशान करने लगा। कई बार वह शराब के नशे में उसके घर के आसपास भी दिखाई देता था।
घटना वाली रात भी आकाश अचानक घर पहुंचा। उसने धक्का देकर अंदर प्रवेश किया और छोटी बहन के कमरे में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। बहस के दौरान उसने घर में तोड़फोड़ की और चीख-पुकार मचने पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली मारने के बाद वह बड़ी बहन की 7 साल की बेटी की ओर भी बढ़ा, लेकिन बच्ची वहां से भाग गई। इसके बाद वह कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर मौके से भाग गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं।

