भदोही: मिशन शक्ति अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को एसपी ने किया सम्मानित
भदोही (जनवार्ता): जनपद भदोही में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले मिशन शक्ति अभियान के तहत सराहनीय कार्य करने वाली महिला पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।


शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित परेड के बाद पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर तैनात महिला कर्मियों के कार्यों की सराहना की और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन, केंद्रों के रख-रखाव तथा संबंधित रजिस्टरों को समयबद्ध अपडेट रखने के लिए महिला मुख्य आरक्षी इन्दू राय (थाना चौरी), महिला आरक्षी मोनी चौहान (थाना औराई), महिला आरक्षी आकांक्षा सिंह (थाना ऊंज), महिला आरक्षी नेहा (थाना ऊंज) तथा महिला आरक्षी आकृति द्विवेदी (थाना गोपीगंज) को प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया।

एसपी श्री मांगलिक ने महिला कर्मियों को मिशन शक्ति अभियान में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पुलिस की प्राथमिकता है।
यह सम्मान समारोह मिशन शक्ति केंद्रों पर महिला शिकायतों के त्वरित निस्तारण और केंद्रों के प्रभावी संचालन को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

