चिराग पासवान से शादी की अटकलों पर आरुषि ने दी सफाई
बोलीं- चिराग मेरे अच्छे मित्र, किताब भेंट करने गई थी, मुलाकात को शादी से जोड़ दिया गया
नई दिल्ली (जनवार्ता)। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान के साथ शादी की चर्चाओं पर अभिनेत्री और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने सफाई दी है। उन्होंने चिराग को अपना अच्छा मित्र बताते हुए शादी की खबरों को निराधार अटकल बताया।

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की बेटी आरुषि की वर्ष 2024 में चिराग पासवान के आवास पर हुई मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। बताया गया था कि वह चिराग को एक किताब भेंट करने पहुंची थीं। इसके बाद दोनों के रिश्ते और शादी को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं।
मीडिया से बातचीत में आरुषि ने इन अटकलों पर हंसते हुए कहा कि वह तो ट्रोल मटेरियल हैं और कभी भी ट्रोल हो सकती हैं। उन्होंने कहा, “चिराग मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं और अच्छा काम कर रहे हैं। मैं उन्हें बधाई देने के लिए किताब देने गई थी, जो जाहिर तौर पर शादी का कार्ड बन गया।”
आरुषि के इस बयान से दोनों की शादी को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगता दिख रहा है।

