अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म जयंती पर भाजपा कार्यालय में श्रद्धांजलि, कंबल वितरण
सोनभद्र (जनवार्ता)। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जन्म जयंती भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल की अगुवाई में भाजपा जिला कार्यालय रॉबर्ट्सगंज पर श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।


कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल, सदर विधायक भूपेश चौबे, नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मिश्रा तथा पूर्व सांसद रामशकल ने श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अटल जी के जीवन और कृतित्व पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष रुबी प्रसाद के नेतृत्व में भाजपा जिला कार्यालय परिसर में जरूरतमंद गरीबों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को कंबल वितरित किए गए। भाजपा द्वारा अटल जी की जन्म जयंती को पूरे जिले में सभी बूथों पर ‘सुशासन दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है।
राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे और एक ओजस्वी वक्ता, कवि व पत्रकार के रूप में उन्होंने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनका योगदान युगों तक स्मरणीय रहेगा।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष नन्दलाल ने कहा कि अटल जी के आदर्शों और पदचिन्हों पर चलकर राष्ट्रसेवा करना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

