संघ शताब्दी वर्ष स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा उत्सव:- अम्बरीष
सोनभद्र (जनवार्ता)। सकल हिंदू समाज की ओर से विकासखंड करमा के सिरसिया ठकुराइ मंडल स्थित पंचायत भवन जड़ेरुआ परिसर में आयोजित हिंदू सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष को स्वतंत्र भारत का अब तक का सबसे बड़ा उत्सव बताया गया।


हिंदू सम्मेलन में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अम्बरीष मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ समाजसेवी चिंतक लालजी त्रिपाठी अध्यक्ष रहे। अम्बरीष ने कहा कि हिंदू समाज सशक्त होगा तो देश का कल्याण सुनिश्चित होगा। भारत पर कई आक्रमण हुए, पर संस्कार, संस्कृति, चारधाम, गो-गंगा और परिवार व्यवस्था के कारण हमारी पहचान बची रही। उन्होंने जन्म के आधार पर भेदभाव समाप्त कर समरस समाज के निर्माण पर जोर दिया।
अध्यक्षीय संबोधन में लालजी त्रिपाठी ने कहा कि संघ ने जाति, भाषा और प्रांत के नाम पर किए गए विभाजन के प्रयासों को अपने सौ वर्षों की यात्रा में विफल किया है। संघ ने गौरवशाली परंपराओं और जीवन मूल्यों की पुनः प्रतिष्ठा के लिए समाज को तैयार किया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सकल हिंदू समाज के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन जिला संयोजक आलोक कुमार चतुर्वेदी ने किया।

