प्रयागराज : दिनदहाड़े युवती का अपहरण, ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर किया पथराव
प्रयागराज। प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दोपहर के वक्त एक 19 वर्षीय युवती का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने बाजार से खरीदारी कर लौट रही युवती को जबरन वाहन में घसीटकर ले गए। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर जाम लगाकर पथराव किया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

घटना मेजा थाना क्षेत्र के आंधी गांव के निकट मिश्रा बाजार के आसपास की बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती अपनी बहन के साथ दोपहर करीब 12:30 बजे बाजार में खरीदारी के लिए गई थी। लौटते समय स्कॉर्पियो सवार कुछ अज्ञात बदमाशों ने मौका देखकर युवती को जबरदस्ती वाहन में बैठा लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बदमाश मौके से भाग निकले।
अपहरण की सूचना मिलते ही युवती के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। जल्द ही सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण जमा हो गए और गुस्से में आकर प्रयागराज-मीरजापुर हाईवे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और कुछ लोगों ने पथराव भी किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया। ग्रामीणों का आरोप है कि अपहरण के बाद पुलिस की कार्रवाई में देरी हुई, जिससे उनका गुस्सा और भड़क गया। फिलहाल पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है और युवती की सुरक्षित रिहाई के लिए छापेमारी कर रही है। मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
यह घटना इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोग पुलिस से त्वरित कार्रवाई और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

