मूँछ वाले हनुमान मंदिर में महिला व्यापार मंडल अध्यक्ष ने किया हनुमान चालीसा का वितरण
भक्तों में प्रसाद बांटा
वाराणसी (जनवार्ता) । चौकाघाट स्थित प्रसिद्ध मूँछ वाले हनुमान जी मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाराणसी महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के बीच हनुमान चालीसा का वितरण किया गया तथा सभी भक्तों को प्रसाद भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और धार्मिक माहौल में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का विशेष वातावरण देखने को मिला।


इस अवसर पर सुनीता सोनी ने कहा कि सनातन धर्म की परंपराओं और मूल्यों के प्रति समाज को जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि धार्मिक एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा को बढ़ाने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर विशेष रूप से प्रत्येक शनिवार और मंगलवार को हनुमान चालीसा का पाठ अवश्य करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच आपसी भाईचारा तथा धार्मिक चेतना को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं हमारा व्यापार मंडल के पदाधिकारी के बीच हनुमान चालीसा व प्रसाद का वितरण किया गया और भगवान हनुमान जी से समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की गई। इस अवसर पर क्षेत्र के कई श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

