पुलिस भर्ती परीक्षा में पकड़ा गया ‘मुन्ना भाई’
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन शहर के सनातन धर्म इंटर कॉलेज में एक ‘मुन्ना भाई’ पकड़ा गया। आरोपी सोनभद्र के अभ्यर्थी की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। जांच में खुलासा हुआ कि वह फिरोजाबाद का रहने वाला साल्वर है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लक्सा थाने में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार को प्रथम पाली की पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान केंद्र पर सभी अभ्यर्थियों की जांच के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में भेजा गया। इसी दौरान पवन कुमार नाम से एक अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचा और बायोमेट्रिक प्रक्रिया के बाद उसे परीक्षा में बैठा दिया गया।
परीक्षा शुरू होने के कुछ देर बाद भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से केंद्र को मेल के माध्यम से सूचना मिली कि संबंधित अनुक्रमांक वाला अभ्यर्थी संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और उसका ई-केवाईसी सत्यापित नहीं हो पाया है। इसके बाद केंद्र पर मौजूद बायोमेट्रिक टीम ने दोबारा सत्यापन की कोशिश की, लेकिन आधार कार्ड लॉक होने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। जब उससे आधार अनलॉक करने को कहा गया तो वह टालमटोल करने लगा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर मामला खुल गया। जांच में सामने आया कि परीक्षा दे रहा युवक वास्तव में फिरोजाबाद जिले का विमलेश कुमार है, जबकि प्रवेश पत्र और प्रस्तुत आधार कार्ड में उसका नाम पवन कुमार निवासी सोनभद्र दर्ज था। उसने फर्जी आधार कार्ड के आधार पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश किया था।
पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह सोनभद्र के अभ्यर्थी पवन कुमार की जगह परीक्षा देने आया था। इसके बाद परीक्षा कक्ष से बाहर लाकर उसे हिरासत में ले लिया गया।
मामले की जांच कर रहे एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी को लक्सा थाने लाकर पूछताछ की गई। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318, 319(1), 336, 338, 340, 61(2) तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अध्यादेश 2024 की धारा 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश भी कर रही है।


