75 साल की उम्र में रामधनी ने तीन पदक जीतकर बढ़ाया काशी का मान
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
वाराणसी (जनवार्ता) । उम्र के 75वें पड़ाव पर भी खेल के प्रति जुनून और जज्बा बरकरार रखते हुए हरहुआ क्षेत्र के बझियाबारी निवासी रामधनी पटेल ने शानदार उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ में आयोजित 34वें यूपी मास्टर्स एथलेटिक्स मीट 2026-27 में उन्होंने 75 प्लस आयु वर्ग में तीन पदक जीतकर वाराणसी का मान बढ़ाया।


प्रतियोगिता में रामधनी पटेल ने 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं, 800 मीटर दौड़ में दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
रामधनी पटेल के शानदार प्रदर्शन पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता जताते हुए उन्हें बधाई दी। राम अवध पटेल (बिहारी), ग्राम प्रधान जगदीश पटेल, ग्राम प्रधान संजय पटेल, रामआसरे पटेल, अरविंद पटेल, हरिश्चंद पटेल और कन्हैया लाल पटेल सहित अन्य लोगों ने उनकी सफलता की सराहना की।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि रामधनी पटेल ने अपनी मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास से साबित कर दिया है कि प्रतिभा और इच्छाशक्ति के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती। उनकी यह उपलब्धि युवाओं के साथ ही बुजुर्गों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

