मंडलायुक्त ने कमिश्नरी बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

मंडलायुक्त ने कमिश्नरी बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई शपथ

वाराणसी (जनवार्ता)। कमिश्नरी सभागार में आज एक गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कमिश्नरी बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

rajeshswari

नवनिर्वाचित अध्यक्ष लालचंद चौबे ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की, जबकि महामंत्री अजय कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी शपथ ली। सभी पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और पूर्ण समर्पण से निर्वहन करने का दृढ़ संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ न्यायिक प्रक्रियाओं को सुचारू रूप से चलाने में प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेगी।

मंडलायुक्त ने स्वतंत्रता संग्राम में अधिवक्ताओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद भी कई महत्वपूर्ण पदों पर अधिवक्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने केशवानंद भारती मामले और जनहित याचिका (पीआईएल) की शुरुआत जैसे ऐतिहासिक योगदानों का जिक्र कर अधिवक्ता समुदाय की सामाजिक-न्यायिक भूमिका को रेखांकित किया।

अपर आयुक्त विवेक कुमार ने भी सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विधि-सम्मत कार्यों में सहयोग बढ़ाने और वादकारियों को सुगम न्याय दिलाने में सभी का सक्रिय योगदान अपेक्षित है। उन्होंने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में उपायुक्त (खाद्य) ओमप्रकाश पटेल, सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश, बार एसोसिएशन के अन्य सदस्य, अधिवक्तागण तथा विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह पूरे सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इसे भी पढ़े   वाराणसी: खतरे के करीब गंगा का जलस्तर
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *