अंतरराष्ट्रीय कफ सिरप तस्करी गिरोह का मास्टरमाइंड गिरफ्तार,
सोनभद्र (जनवार्ता)। नशीले कफ सिरप की अंतरराष्ट्रीय तस्करी में शामिल बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने उसके मुख्य हैंडलर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान जुबेर हुसैन शेख के रूप में हुई है, जिसे हावड़ा से पकड़ा गया। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर सोनभद्र लाकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के अनुसार, यह संगठित गिरोह रांची स्थित ‘शैली ट्रेडर्स’ के जरिए संचालित हो रहा था। यहां से नशीले कफ सिरप की खेप ट्रकों के माध्यम से बिहार और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश भेजी जाती थी।

फर्जी बिल और कोड वर्ड से चल रहा था नेटवर्क
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से काम करता था। कफ सिरप को ट्रकों में चावल या अन्य खाद्यान्न के रूप में फर्जी बिल के जरिए दिखाकर परिवहन किया जाता था, ताकि किसी को शक न हो। गिरोह के सदस्य आपस में सीधे संपर्क से बचते थे और कोड वर्ड के जरिए बातचीत करते थे।
सीमा पार पहुंचाने में ड्राइवरों की भूमिका
तस्करी के लिए पूर्णिया, सिलीगुड़ी और कूचबिहार बॉर्डर रूट का इस्तेमाल किया जाता था। बांग्ला भाषी चालक माल को सीमा पार पहुंचाते थे।
हर ट्रक पर 30 हजार की कमाई
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हर ट्रक के बदले करीब 30 हजार रुपये लेता था और सप्ताह में 2-3 ट्रकों की सप्लाई करता था। गिरोह ड्राइवरों को पैसे के साथ सुरक्षा और कानूनी मदद का लालच देकर जोड़ता था।
पहले भी कई गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क से जुड़े कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। रॉबर्ट्सगंज थाने में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामले की जांच के दौरान पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
एसपी ने कहा कि जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को गिरफ्तार कर इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जाएगा।

