वाराणसी : उपजाऊ कृषि भूमि को किसी भी कीमत पर न देने का दृढ़ संकल्प
किसान नेताओं ने की महत्वपूर्ण बैठक
वाराणसी (जनवार्ता) । आराजी लाइन विकास खंड के हरसोस गांव में रविवार को किसान नेताओं प्रदीप पटेल, सतीश पटेल, अनिल पटेल, गुलशन पटेल सहित अन्य प्रभावित किसानों ने कृषि भूमि अधिग्रहण के विरोध में एक बैठक आयोजित की। किसानों ने बैठक में आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न प्रलोभनों के माध्यम से उनकी बहुफसली उपजाऊ जमीन हथियाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे अपनी पैतृक भूमि किसी भी हाल में नहीं छोड़ेंगे।

किसान नेताओं ने कहा कि वाराणसी में खेती-किसानी के लिए उपलब्ध भूमि तेजी से घट रही है। ‘लैंड डेवलपमेंट’, अर्बन सिटी, स्पोर्ट्स सिटी और लैंड पूलिंग जैसी योजनाओं के नाम पर किसानों की जमीन ली जा रही है। इन योजनाओं से न केवल उनकी आजीविका पर संकट मंडरा रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने इन सभी प्रस्तावित योजनाओं का पुरजोर विरोध करने और एकजुट रहकर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
किसानों का कहना है कि भूमि उनका एकमात्र जीवन-यापन का साधन है और विकास के नाम पर जबरन अधिग्रहण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में मौजूद किसानों ने संयुक्त रूप से प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब वाराणसी के विभिन्न इलाकों में स्पोर्ट्स सिटी, अर्बन टाउनशिप और अन्य विकास परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

