मैट्रिमोनियल साइट के जरिए युवती को शादी का झांसा देकर बनाए यौन संबंध
लखनऊ (जनवार्ता) । मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। यह सनसनीखेज घटना गोमती नगर विस्तार थाना क्षेत्र से जुड़ी है और इससे ऑनलाइन मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म्स पर सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं।

पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी मुलाकात एक प्रसिद्ध मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर आरोपी शक्ति प्रताप सिंह से हुई। बातचीत के दौरान शक्ति प्रताप सिंह ने ही उसे दूसरे आरोपी हर्ष रघुवंशी से मिलवाया। दोनों आरोपियों ने मिलकर युवती का भरोसा जीता और शादी का वादा करके उसे लखनऊ बुलाया। हर्ष रघुवंशी ने युवती का ट्रेन टिकट खुद बुक करवाया ताकि उसे कोई संदेह न हो। लखनऊ पहुंचने पर आरोपी ने शादी का लालच देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसकी निजी फोटो तथा वीडियो गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर लिए।
इन आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के आधार पर हर्ष रघुवंशी ने युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे लगभग डेढ़ लाख अस्सी हजार रुपये वसूले गए। युवती लगातार डर और मानसिक दबाव में जी रही थी। पिछले साल नवंबर में आरोपी ने उसे फिर लखनऊ बुलाया और फोटो-वीडियो डिलीट करने का झांसा दिया। लेकिन पहुंचने पर उसने पांच लाख रुपये और मांग लिए। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे अपने कुछ दोस्तों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया।
इन सब घटनाओं से परेशान होकर युवती ने आखिरकार गोमती नगर विस्तार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हर्ष रघुवंशी और शक्ति प्रताप सिंह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है जिसमें बलात्कार, आपराधिक धमकी, ब्लैकमेलिंग जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।

