चंदौली : जलखोर गांव में खड़ी गेहूं की फसल में भीषण आग
50 बीघा फसल जलकर राख
चंदौली (जनवार्ता) । पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जलखोर गांव के सिवान में सोमवार दोपहर खड़ी गेहूं की फसल में अचानक भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 50 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और दहशत फैल गई।

ग्रामीणों के अनुसार, पास में चल रहे हार्वेस्टर मशीन पर कार्यरत मजदूरों ने बीड़ी पीकर फेंक दी, जिसकी चिंगारी से आग भड़क उठी। कुछ ही देर में लपटें आसमान छूने लगीं और तेज हवा के चलते आग ने आसपास की फसलों को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत और सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया। हालांकि, आग बुझाने के लिए बुलाई गई दमकल टीम के देरी से पहुंचने का आरोप लगाया गया। किसानों और ग्रामीणों ने बताया कि दमकल कर्मियों के पहुंचने में काफी विलंब हुआ, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
पीड़ित किसानों ने तुरंत बबुरी थाने पहुंचकर दोषी मजदूरों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से उचित मुआवजे की भी अपील की है।
यह घटना फसल कटाई के मौसम में किसानों की मुश्किलों को और बढ़ा रही है। स्थानीय स्तर पर किसानों में मायूसी छाई हुई है, क्योंकि गेहूं की खड़ी फसल उनके साल भर की मेहनत का मुख्य आधार होती है।

