चोरी में असफल चोर मकान मालिक पर हमला कर भागे
वाराणसी(जनवार्ता)।मंडुवाडीह थानांतर्गत औद्योगिक क्षेत्र चांदपुर-महेशपुर के रघुवंश नगर कालोनी में बंद मकान का दरवाजा तोड़ घर में घुसे चोरों ने घर का पूरा सामान खंगाल कर बोरे में समेट लिया कि उसी समय अचानक से घर का मालिक आ पहुँचा।मकान मालिक द्वारा दो चोरों को ललकारने पर चोरों ने हमला कर दिया और धक्का दे दिया, अचानक से हुए हमले से मकान मालिक गिर पड़े और चोर मौका पाकर फरार हो गए।घटना के बाद शोरगुल सुनकर जुटे कॉलोनी के लोगों ने घर में जाकर देखा तो पांच कमरों में रखी सभी आलमारियों सहित लगभग आधा दर्जन बक्शे का ताला टूटा था और पूरे घर में सामान बिखरा पड़ा था।सूचना पर पहुँची मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।जानकारी के मुताबिक चांदपुर-महेशपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित रघुवंश नगर कॉलोनी में तीन सगे भाइयों अशोक सिंह,राज कुमार सिंह व राजेश कुमार सिंह का संयुक्त मकान है।स्वर्गीय अशोक सिंह की पत्नी रेनू सिंह किडनी ट्रांसप्लांट के इलाज के लिए इन दिनों बेटे प्रभात के साथ बैंगलोर में हैं।राजकुमार सिंह व राजेश कुमार सिंह ने भी अपना नया मकान अन्यत्र बनवाया है।दोनों भाई अपने परिवार के साथ रात में अपने-अपने नए मकान पर थे।तीनों भाइयों का पूरा सामान रघुवंश नगर कॉलोनी के मकान के कमरों में बंद है।गुरुवार की सुबह राजेश कुमार सिंह मकान पर पहुँचे।मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर अंदर घुसे तो बिखरा सामान देखकर भौचक्का रह गए।अंदर गए तो दो की संख्या में दुस्साहसी चोरों ने प्लास्टिक के बोरों में सामान पैक कर लिया था।चोरों को देखते ही राजेश ने उन्हें ललकारा।दुस्साहसी चोरों ने उनपर हमला करते हुए धक्का देकर दीवार फांदकर फरार हो गए।


