वाराणसी में धूल भरी आंधी के बाद बारिश, चित्रकूट-ललितपुर में बिजली गिरने से 3 की मौत
कल यूपी के 35 जिलों में ओलावृष्टि और 55 जिलों में तेज आंधी-बारिश का अलर्ट
वाराणसी, (जनवार्ता)। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। शुक्रवार दोपहर वाराणसी में धूल भरी आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं जारी रहने की संभावना जताई है।


इससे पहले प्रयागराज, जौनपुर, कौशांबी, भदोही समेत सात जिलों में तेज हवा के साथ बारिश दर्ज की गई। वहीं चित्रकूट में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों और ललितपुर में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
प्रदेश के कानपुर समेत 15 शहरों में दिनभर बादल छाए रहे, जबकि कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ हल्की धूप भी निकलती रही। आगरा, मथुरा समेत 18 जिलों में बारिश, आंधी और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता और अरब सागर से नमी लेकर आ रही पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश में बेमौसम बारिश का नया दौर शुरू हो गया है। इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्यांचल और बुंदेलखंड में ज्यादा देखने को मिलेगा।
शनिवार को लखनऊ, कानपुर समेत 35 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। इसके अलावा 55 जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे में गुरुवार को मौसम साफ रहने के बावजूद तापमान में काफी उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बिजनौर 19 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।
लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि 3 और 7 अप्रैल को लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिसके चलते तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश के कई जिलों में मौसम का असर साफ दिखाई दिया। प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश हुई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल झुक गई। कौशांबी में दोपहर 12 बजे अचानक मौसम बदला और रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहा। भदोही में तेज आंधी के साथ गरज-चमक और बारिश हुई। मेरठ में सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी का अलर्ट जारी किया गया। गोरखपुर में तेज धूप के बीच 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया, जबकि लखनऊ में बादलों और ठंडी हवाओं के बीच अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

