बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी के नाम पर छह लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब छह लाख रुपये की ठगी करने और कूटरचित नियुक्ति पत्र देने के आरोप में सिगरा पुलिस ने मंगलवार को एक युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान चन्द्रमणि शर्मा (32) पुत्र विंध्याचल शर्मा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पीड़िता को बीएचयू में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया था। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर उसने पीड़िता से करीब छह लाख रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद विश्वास कायम रखने के लिए आरोपी ने उसे कूटरचित नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराया।
मामले में पीड़िता की शिकायत पर सिगरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0338/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 352, 336(3), 338 और 340(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर आरोपी को सी-14/160, डीपी सोनिया रोड स्थित उसके कार्यालय से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का मूल पता 14/120 टी-4ए, त्रिदेव नगर कॉलोनी, सरायनंदन, भेलूपुर बताया गया है, जबकि वर्तमान में वह आनंद नगर, कंदवा, चितईपुर में रह रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक विवेक सिंह, मुख्य आरक्षी कृपा सिंधु भारती और आरक्षी उमेश यादव शामिल रहे।

