वाराणसी: सीआरपीएफ जवान की निकली सरैया रेलवे ट्रैक पर लावारिस पड़ी लोडेड एके-47 राइफल
वाराणसी (जनवार्ता) । जैतपुरा थाना क्षेत्र के सरैया रेलवे ट्रैक पर सोमवार शाम लावारिस पड़ी लोडेड एके-47 असॉल्ट राइफल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बाद में हथियार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान का होने की पुष्टि हुई।

स्थानीय युवक को ट्रैक के पास संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। सतर्कता बरतते हुए उसने उसे छुआ नहीं और तुरंत जैतपुरा पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में वस्तु लोडेड एके-47 राइफल निकली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।
जांच में पता चला कि हथियार ड्यूटी पर जा रहे सीआरपीएफ जवानों की एक स्पेशल ट्रेन से गिर गया था। ट्रेन कैंट स्टेशन से डीडीयू जंक्शन जा रही थी। सरैया डॉट पुल के पास चार जवान ट्रेन से उतर गए थे। जब ट्रेन डीडीयू पहुंची तो साथियों की तलाश शुरू हुई। सीआरपीएफ कमांडेंट ने उच्च अधिकारियों को सूचित किया।
पुलिस ने तुरंत संबंधित एजेंसियों से संपर्क किया। कमांडेंट से पुष्टि के बाद राइफल को औपचारिक रूप से सीआरपीएफ अधिकारियों को सौंप दिया गया। मामले में कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
डीसीपी और एसीपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। जैतपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि हथियार पूरी तरह लोडेड था और इसे सुरक्षित तरीके से वापस सौंप दिया गया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
घटना में सुरक्षा चूक की आशंका जताई जा रही है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। इलाके में शांति बनी हुई है।

