देव दीपावली पर दीपों से जगमगाई काशी
नमो घाट पर भव्य आयोजन और ड्रोन शो ने मोहा मन
वाराणसी (जनवार्ता)। कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर धर्म और आध्यात्मिकता की नगरी काशी दीपों की रोशनी से जगमगा उठी। गंगा के 84 घाटों से लेकर गंगा पार रेती तक लाखों दीपों की जगमगाहट ने अद्भुत छटा बिखेरी। इस अवसर पर नमो घाट पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। घाट को गेंदे के फूलों और आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया था। अतिथियों और पर्यटकों के स्वागत के लिए रेड कारपेट बिछाया गया।


समारोह का शुभारंभ हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि काशी में देव दीपावली की छटा अद्वितीय होती है। यह पर्व वैश्विक मंच पर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को प्रदर्शित करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक और सांस्कृतिक आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलता है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और अर्थव्यवस्था भी मजबूत होती है।

देव दीपावली पर काशी के सभी 84 गंगा घाटों के साथ गंगा पार रेती पर भी असंख्य दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा गंगा तट अलौकिक नजर आया। वहीं, राजा चेतसिंह किले के सामने गंगा की लहरों के ऊपर आयोजित भव्य ड्रोन शो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। आसमान में ड्रोन के माध्यम से बनाई गई विभिन्न आकृतियों और प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं और सैलानियों का मन मोह लिया।
भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। विभिन्न स्थानों पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पर्यटकों की सहायता में जुटे रहे, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

